रायपुर में दिख सकता है ‘किंग खान’ का जलवा! KKR के मैच में शाहरुख खान के आने की चर्चा तेज

रायपुर में दिख सकता है ‘किंग खान’ का जलवा! KKR के मैच में शाहरुख खान के आने की चर्चा तेज

रायपुर। राजधानी रायपुर में आईपीएल मुकाबलों का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच 13 मई को होने वाले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मैच में बॉलीवुड सुपरस्टार Shah Rukh Khan के रायपुर आने की चर्चाओं ने क्रिकेट प्रेमियों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। हालांकि अब तक उनके दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन क्रिकेट और फिल्मी जगत में इसे लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है।

दरअसल, शनिवार को रायपुर में आयोजित आरसीबी और मुंबई इंडियंस के मुकाबले को देखने के लिए उद्योगपति Mukesh Ambani के बेटे Akash Ambani स्टेडियम पहुंचे थे। इसके बाद अब माना जा रहा है कि KKR के सह-मालिक शाहरुख खान भी अपनी टीम का उत्साह बढ़ाने रायपुर आ सकते हैं। आईपीएल के दौरान शाहरुख अक्सर KKR के मैचों में टीम का समर्थन करते नजर आते हैं।

रायपुर में पहली बार शाहरुख खान के संभावित आगमन की चर्चा इसलिए भी जोर पकड़ रही है क्योंकि मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai आईपीएल के दोनों मुकाबलों को रायपुर में आयोजित कराने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री भी 13 मई को स्टेडियम में मौजूद रहेंगे, जिससे चर्चाओं को और बल मिल रहा है।

हालांकि सुरक्षा एजेंसियों के पास अब तक शाहरुख खान के दौरे को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं पहुंची है। वहीं रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों का कहना है कि यदि अंतिम समय में भी कोई सूचना मिलती है, तो सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्षम और तैयार है।

इधर, आईपीएल के उत्साह के बीच Royal Challengers Bengaluru (RCB) टीम के छत्तीसगढ़ पहुंचने पर खिलाड़ियों का पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। 10 मई को Mumbai Indians के खिलाफ मुकाबले के लिए रायपुर पहुंचे खिलाड़ियों का रिसॉर्ट में तिलक, आरती, लोकनृत्य और पारंपरिक संगीत के साथ अभिनंदन किया गया।

छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और पारंपरिक कलाओं की झलक ने खिलाड़ियों को खासा आकर्षित किया। कई खिलाड़ी लोक कलाकारों के प्रदर्शन को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड करते नजर आए। इस स्वागत समारोह का वीडियो RCB ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा किया, जिसे अब तक 50 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।

इसके अलावा खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक व्यंजनों से भी परिचित कराया गया। खिलाड़ियों ने प्रदेश की मेहमाननवाज़ी और खानपान की सराहना की। आईपीएल मुकाबलों को लेकर रायपुर में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं खिलाड़ियों के पारंपरिक स्वागत ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।