हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गौरव हेपट गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद
रायपुर। रायपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर गौरव हेपट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग से मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, डीडी नगर थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में गौरव हेपट घटना के बाद से फरार था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम को आरोपी की तलाश में लगाया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। सूचना मिलने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी हथियार रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि फरारी के दौरान वह दमन-दीव, बिलासपुर और धमतरी सहित विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रहा था। पुलिस अब उन ठिकानों और लोगों की भी जानकारी जुटा रही है, जिन्होंने फरारी के दौरान उसकी मदद की।
पुलिस के मुताबिक, गौरव हेपट थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट और नारकोटिक्स से जुड़े मामलों सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है और फरारी के दौरान सहयोग करने वाले लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

admin 




