शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने का आरोप, पूर्व आरक्षक गिरफ्तार

शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने का आरोप, पूर्व आरक्षक गिरफ्तार

तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में एक पूर्व आरक्षक को युवती से शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी सनत मीरी, जो पूर्व में तखतपुर थाना में पदस्थ था, ने उससे विवाह का वादा किया था। इसी भरोसे पर दोनों के बीच संबंध बने, लेकिन बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने करीब तीन वर्षों तक शादी का आश्वासन देकर उसका शारीरिक शोषण किया। जब उसने विवाह की बात को लेकर दबाव बनाया, तब आरोपी ने स्पष्ट रूप से शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने तखतपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत की जांच की और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी सनत मीरी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है। पीड़िता के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।