15 साल से फरार हत्या की दोषी महिला गिरफ्तार, पहचान छिपाकर रह रही थी
रायगढ़। जिले में फरार और पुराने अपराधों में सजा पाए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाए एक महिला को करीब 15 साल बाद गिरफ्तार किया है। महिला अपनी पहचान छिपाकर जूटमिल क्षेत्र में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान रामबाई चौहान, उम्र करीब 40 वर्ष, के रूप में हुई है। वह वर्ष 1996 में हुए हत्या के एक मामले में दोषी पाई गई थी। मामले में पारू सिदार नामक व्यक्ति की गला दबाकर हत्या की गई थी। अदालत ने रामबाई को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हाईकोर्ट ने भी निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा था।
सजा के बाद हो गई थी फरार
पुलिस के मुताबिक, सजा सुनाए जाने के बाद महिला जेल जाने के बजाय फरार हो गई थी। इसके बाद से वह अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग जगहों पर रह रही थी। करीब 15 साल से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुराने रिकॉर्ड और उपलब्ध फोटो के आधार पर लैलूंगा पुलिस ने उसकी तलाश दोबारा तेज की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध महिला जूटमिल क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में रह रही है।
वोटर लिस्ट और पुरानी फोटो से हुई पहचान
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध महिला की जानकारी जुटाई। वोटर लिस्ट में दर्ज विवरण और पुराने रिकॉर्ड में मौजूद फोटो का मिलान किया गया। जांच में दोनों के बीच समानता मिलने के बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान महिला ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। हालांकि, आगे की पूछताछ में उसने अपनी वास्तविक पहचान रामबाई चौहान के रूप में स्वीकार कर ली।
पुलिस ने महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
admin



