नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर; एक युवक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर; एक युवक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे पर डीपीएस स्कूल के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस भीषण दुर्घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झंडा तालाब निवासी 26 वर्षीय रवि कुमार अपने साथी लोकेश कुमार (निवासी परगांव) के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। जब वे नेशनल हाईवे पर स्थित डीपीएस स्कूल के पास पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी लोकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक लोकेश को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका इलाज जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश समेत पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।