युवक से मारपीट और जबरन ले जाने का मामला, दो फरार आरोपी गिरफ्तार

युवक से मारपीट और जबरन ले जाने का मामला, दो फरार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। पुराने बस स्टैंड में युवक से मारपीट कर उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने के मामले में तारबाहर पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोई एंथोनी और जितेंद्र छाबड़ा के रूप में हुई है। दोनों घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, 9 अगस्त की सुबह वासु केशरवानी के साथ पुराने बस स्टैंड में मारपीट की गई थी। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल रमजान अली उर्फ गामा और प्रिंस रजक को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं जोई एंथोनी और जितेंद्र छाबड़ा फरार चल रहे थे।

फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से उनके संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर तारबाहर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।