मंत्रिमंडल के फेरबदल पर बोले सीएम, इंतजार कीजिए
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाएं जोर पकडऩे लगी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हालिया बयान के बाद सत्ता और संगठन दोनों स्तर पर हलचल तेज हो गई है। मीडिया से बातचीत के दौरान जब मुख्यमंत्री से कैबिनेट विस्तार और फेरबदल को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने सीधे जवाब देने के बजाय इंतजार कीजिए कहकर संकेत दे दिए। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा संगठन आगामी चुनावी रणनीति, क्षेत्रीय संतुलन और सरकार के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए बड़ा राजनीतिक निर्णय ले सकता है। पार्टी के भीतर नए चेहरों को मौका देने और कुछ विभागों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। खासकर सरकार के कामकाज और जनसंतुष्टि को लेकर लगातार फीडबैक लिया जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि केंद्र की राजनीति और भाजपा शासित अन्य राज्यों में चल रही हलचल का असर छत्तीसगढ़ पर भी पड़ सकता है। हाल ही में हरियाणा, राजस्थान और मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं ने इस संभावना को और मजबूत किया है।
वर्तमान में मुख्यमंत्री के पास सामान्य प्रशासन, ऊर्जा, जनसंपर्क, जल संसाधन सहित कई महत्वपूर्ण विभाग हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा समेत अन्य मंत्रियों को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ऐसे में यदि फेरबदल होता है तो कई विभागों के पुनर्वितरण की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हाल के दिनों में मुख्यमंत्री साय लगातार प्रशासनिक सख्ती दिखा रहे हैं। अधिकारियों पर कार्रवाई योजनाओं की समीक्षा और जिलों के दौरों को सरकार की सक्रियता के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार संगठन और प्रशासन दोनों स्तर पर बड़ा संदेश देने की तैयारी में है। हालांकि अब तक भाजपा संगठन या मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से किसी आधिकारिक फेरबदल की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मुख्यमंत्री के संकेतों ने राजनीतिक चर्चाओं को जरूर गर्म कर दिया है। अब सबकी नजर भाजपा हाईकमान और मुख्यमंत्री के अगले कदम पर टिकी हुई है।
सीएम आज रात जाएंगे दिल्ली
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज रात से नई दिल्ली दौरे पर रहेंगे। वह आज रात करीब 9:30 बजे दिल्ली रवाना होंगे। दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मुख्यमंत्री मुलाकात करेंगे। इस दौरान पार्टी नेतृत्व से भी मुख्यमंत्री चर्चा कर सकते हैं। वह रात्रि विश्राम दिल्ली में ही करेंगे।

admin 





