PSC-2021: 11 चयनित डिप्टी कलेक्टरों को मिली नियुक्ति, सोनवानी के बेटे समेत 4 की पोस्टिंग पर रोक
रायपुर। बहुचर्चित PSC-2021 भर्ती मामले में राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के निर्देश के बाद 11 चयनित अभ्यर्थियों को डिप्टी कलेक्टर पद पर नियुक्ति देते हुए उनकी पदस्थापना कर दी है। वहीं, सीबीआई जांच के दायरे में आए 4 अभ्यर्थियों की नियुक्ति फिलहाल रोक दी गई है।
दरअसल, PSC-2021 परीक्षा में अनियमितताओं और गड़बड़ी के आरोप सामने आने के बाद साय सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी। जांच के दौरान साक्ष्य मिलने पर सीबीआई ने तत्कालीन पीएससी अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, सचिव जीवन किशोर ध्रुव सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस मामले में सोनवानी समेत चार आरोपी वर्तमान में जेल में हैं।
जांच लंबित होने के कारण सरकार ने चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्तियों पर रोक लगा दी थी। इसके विरोध में अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि जिन अभ्यर्थियों के खिलाफ कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं हैं, उन्हें नियुक्ति दी जाए।
बताया जा रहा है कि PSC-2021 परीक्षा में कुल 15 अभ्यर्थियों का चयन डिप्टी कलेक्टर पद के लिए हुआ था। इनमें से 11 अभ्यर्थियों को नियुक्ति देकर विभिन्न जिलों में पदस्थ किया गया है। वहीं, शशांक गोयल, भूमिका कटियार, नितेश सोनवानी और सुमित ध्रुव की नियुक्ति फिलहाल रोक दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार प्रज्ञा नायक को बलरामपुर-रामानुजगंज, अनन्या अग्रवाल को दुर्ग, राणा विजय को सारंगढ़-बिलाईगढ़, अमित कुमार भारद्वाज को दंतेवाड़ा, खुशबू बिजीरा को कोरिया और नेहा खलखो को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा प्रिंसी तम्बोली को सरगुजा, साक्षी ध्रुव को गरियाबंद, निखिल खलखो को रायगढ़, महेन्द्र कुमार सिदार को नारायणपुर तथा राजेन्द्र कुमार कौशिक को कोंडागांव जिले में डिप्टी कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

admin 





