अनाधिकृत रूप से तोड़े गए कला मंच को नोटिस के भय से पहले ही जोडऩे का काम किया शुरू

अनाधिकृत रूप से तोड़े गए कला मंच को नोटिस के भय से पहले ही जोडऩे का काम किया शुरू

दंतेवाड़ा से राजू शर्मा की रिपोर्ट

दंतेवाड़ा। नगर के वार्ड क्रमांक 4 में स्थित नगर पालिका के कला मंच को एक व्यक्ति द्वारा बिना वैध परमिशन के अनाधिकृत रूप से तोड़ दिया गया था। खबर मीडिया की सुर्खियां बनी थी। खबर छपने के बाद नगर पालिका कुंभकर्णी नींद से जागी थी, जिसके बाद संबंधित व्यक्ति को आज नोटिस भेजने की तैयारी हो रही थी कि इसी बीच नोटिस मिलने से पहले ही अखबारों में छपी खबर पढ़कर एवं नोटिस के भय से घबराकर कला मंच तोड़ने वाले व्यक्ति मो. उस्मान ने आज सुबह से ही मजदूरों को लगाकर कला मंच को फिर से खड़ा करने का काम शुरू कर दिया।

इधर वार्डवासी कला मंच तोड़े जाने से पहले ही नाराज थे। वार्डवासियों ने मंच को पुनः बनाने से रोक दिया और इसकी शिकायत सीएमओ वीकेएस पालदास, वार्ड पार्षद एवं राजस्व शाखा प्रभारी को फोन पर दी। मौके पर पार्षद इन्द्रा ठाकुर पहुंची और उन्होंने बिना इजाजत काम शुरू करने से मना किया तो मो. उस्मान ने कहा कि उनका काम हो चुका है, इसलिए अब वे इसे उसी स्थिति में लाने के लिए बना रहे हैं।

बड़ा सवाल यह है कि जब बिना अनुमति कला मंच को तोड़ा गया था तो फिर बिना इजाजत इसे बनाया भी क्यों जा रहा है और नगर पालिका इस मामले में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रही?

वार्डवासियों ने बताया कि कई बार सीएमओ पालदास को फोन कर उन्हें बुलाया गया, मगर वे मौके पर नहीं आए, ना ही उन्होंने अपने राजस्व शाखा प्रभारी को मौके पर भेजा। नगर पालिका की यह जिम्मेदारी थी कि उन्हें आकर काम रोकना चाहिए था और संबंधित व्यक्ति पर इस कृत्य के लिए कार्रवाई करनी चाहिए थी, मगर पालिका अधिकारी एवं पालिका अध्यक्ष बार-बार बुलाने पर भी नहीं पहुंचे।

वार्डवासियों का आरोप है कि नगर पालिका उपाध्यक्ष कैलाश मिश्रा के इशारे एवं उनकी सहमति से ही कला मंच को तोड़ा गया था एवं अब मामला तूल पकड़ने के बाद मीडिया में खबर छपने के बाद उपाध्यक्ष के कहने पर ही टूटे हुए कला मंच को आनन-फानन में खड़ा किया जा रहा है।

यह सब तमाशा नगर पालिका के अधिकारी एवं परिषद अध्यक्ष आंखों से देख रहे हैं, मगर कोई भी कार्रवाई कला मंच तोड़ने वाले व्यक्ति के खिलाफ नहीं की जा रही। वार्डवासी अब इस मामले की शिकायत तहसीलदार एवं कलेक्टर से करने की तैयारी कर रहे हैं।