नवा रायपुर में दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ आज से, भविष्य की शासन व्यवस्था और विकास रणनीति पर होगा मंथन

नवा रायपुर में दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ आज से, भविष्य की शासन व्यवस्था और विकास रणनीति पर होगा मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार का दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ आज से नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) परिसर में शुरू हो रहा है। 4 और 5 जुलाई तक चलने वाले इस शिविर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी राज्य के दीर्घकालिक विकास, सुशासन और प्रशासनिक सुधारों को लेकर व्यापक चर्चा करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, चिंतन शिविर का मुख्य उद्देश्य आने वाले वर्षों के लिए राज्य के विकास का मजबूत रोडमैप तैयार करना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का मानना है कि बदलते समय और नई चुनौतियों के अनुरूप शासन और प्रशासन की कार्यप्रणाली में भी बदलाव आवश्यक है। इसी सोच के तहत मंत्रियों और नीति निर्माताओं को राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों से मार्गदर्शन दिलाने की पहल की गई है।

इस बार का चिंतन शिविर कई मायनों में विशेष माना जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु और मोटिवेशनल स्पीकर गौर गोपाल दास के व्याख्यान से होगी। वे नेतृत्व क्षमता, जीवन मूल्यों और प्रभावी निर्णय प्रक्रिया जैसे विषयों पर मंत्रियों को संबोधित करेंगे।

शिविर में तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपयोग पर भी विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। देश के प्रमुख वैज्ञानिक और नीति विशेषज्ञ अभय करंदीकर मंत्रियों को भविष्य की शासन व्यवस्था में आधुनिक तकनीक, डिजिटल नवाचार और एआई के प्रभावी उपयोग के बारे में जानकारी देंगे।

दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, सुशासन, प्रशासनिक सुधार और राज्य के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में विशेषज्ञों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर राज्य की नीतियों और योजनाओं को और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले आईआईएम रायपुर में मई 2024 में पहला चिंतन शिविर और जून 2025 में ‘चिंतन शिविर 2.0’ आयोजित किया जा चुका है। दोनों शिविरों में लिए गए निर्णयों और सुझावों के आधार पर कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विकासात्मक पहलें शुरू की गई थीं। सरकार को उम्मीद है कि ‘चिंतन शिविर 3.0’ भी राज्य के विकास और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करेगा।