अमित शाह कल शाम आएंगे रायपुर, 19 को बस्तर में मध्य परिषद की बैठक

अमित शाह कल शाम आएंगे रायपुर, 19 को बस्तर में मध्य परिषद की बैठक
चार राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल
सीएम साय ने की तैयारियों की समीक्षा
रायपुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में बस्तर में 19 मई को आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26 वीं बैठक की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। यह महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित होगी, जिसमें मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इस बैठक में शामिल होने के लिए अमित शाह कल 17 मई की शाम रायपुर पहुंचेंगे। 
बैठक के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा परिषद की बैठक में उठाए जाने वाले विभिन्न विषयों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिए कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएं गंभीरता एवं समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाए।  मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत राज्य ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं और इसी भावना के साथ क्षेत्रीय परिषदें विकास, प्रशासनिक समन्वय और राष्ट्रीय एकता को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में इस महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। बस्तर में शांति स्थापना के बाद इस स्तर की राष्ट्रीय बैठक का आयोजन यह दर्शाता है कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास और नई संभावनाओं को लेकर पूरी तरह संकल्पित है।