छत्तीसगढ़ में रात की ठंड होगी और तेज़, 4 डिग्री तक गिर सकता है पारा; सरगुजा में घने कोहरे का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में रात की ठंड होगी और तेज़, 4 डिग्री तक गिर सकता है पारा; सरगुजा में घने कोहरे का अलर्ट

रायपुर। नवंबर के आखिरी दिनों में छत्तीसगढ़ का मौसम लगातार करवट ले रहा है। सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ गया है और कई इलाकों में घना कोहरा भी छा रहा है, वहीं दिन में हल्की गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिया है कि अगले दो दिनों में रात की ठंड और बढ़ेगी और पारा करीब 4 डिग्री तक नीचे जा सकता है।

रायपुर में 28 नवंबर तक 15 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार, आज राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहेगा। रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी और 28 नवंबर तक न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

सुकमा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस सुकमा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।

उत्तर छत्तीसगढ़ में ज़्यादा ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में फिलहाल तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं। अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

सरगुजा में कोहरे का अलर्ट, वाहन चालक रहें सतर्क

बुधवार को सरगुजा जिले में एक-दो स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है, ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में फिलहाल शुष्क मौसम का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है और न ही कोई मौसम चेतावनी जारी की है।