पुलिस की दबिश के दौरान तालाब में कूदे ग्रामीण की मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप

पुलिस की दबिश के दौरान तालाब में कूदे ग्रामीण की मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप

सक्ती। हसौद थाना क्षेत्र में पुलिस की दबिश के दौरान तालाब में कूदे एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान महेश राम केंवट के रूप में हुई है। अगली सुबह उसका शव तालाब में तैरता मिला। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई और मुआवज़े की मांग की है।

जुए की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात हसौद पुलिस को गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर महेश राम केंवट पास के तालाब में कूद गया, जिसके बाद वह लापता हो गया। रेस्क्यू टीम ने रात में तालाब में उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। अगली सुबह उसका शव तालाब में उतराता हुआ मिला।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।

परिजनों का आरोप: पुलिस की मार से बचने कूदा था तालाब में

मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने महेश के साथ मारपीट की थी और उसी से बचने के लिए वह तालाब में कूदा। परिजनों ने ज़िम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और प्रशासन से उचित मुआवज़ा देने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

एएसपी बोले: आरोपों की होगी निष्पक्ष जांच

मामले में सक्ती के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। परिजनों के आरोपों की जांच कराई जाएगी और निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई की जाएगी।