शराब घोटाले का फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू दुबई में पकड़ा गया, जल्द लाया जा सकता है भारत
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू के दुबई में पकड़े जाने की खबर है। सूत्रों के मुताबिक, उसे करीब एक हफ्ते पहले दुबई में पकड़ा गया है और यूएई प्रशासन उसे भारत भेजने की प्रक्रिया में है।
अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम जाएगी यूएई
जानकारी के अनुसार, एसीबी/ईओडब्ल्यू प्रमुख अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम जल्द ही यूएई रवाना हो सकती है। टीम की यात्रा से जुड़े दस्तावेज़ तैयार कर लिए गए हैं और आरोपी को भारत वापस लाने की तैयारी चल रही है।
2023 से था फरार
विकास अग्रवाल को शराब घोटाले का एक प्रमुख आरोपी माना जा रहा है। उस पर आरोप है कि वह डिस्टलरी और एफएल-10ए लाइसेंस धारकों से कमीशन की वसूली करता था। उसे अनवर ढेबर तक अवैध रकम पहुंचाने वाली अहम कड़ी के रूप में भी देखा जा रहा है। वह वर्ष 2023 से फरार चल रहा था।
माना जा रहा है कि भारत लाए जाने के बाद एसीबी/ईओडब्ल्यू की पूछताछ में अवैध लेन-देन और इस घोटाले के असली लाभार्थियों को लेकर अहम खुलासे हो सकते हैं।
admin




























