नवीन अग्रवाल ने कठिया,माठ,असौंदा एवं खरोरा में धान खरीदी का कराया शुभारंभ
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की किसान हितैषी पहल से अन्नदाताओं को मिलेगा 3100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ,
प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के तहत कम धान बेचने पर भी मिलेगी 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि, किसानों के चेहरे पर दिखी खुशी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों और किसान कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी का महाअभियान प्रारंभ हो गया है। इसी क्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर नवीन कुमार अग्रवाल ने कठिया,माठ,असौंदा एवं खरोरा स्थित नवीन धान उपार्जन केंद्रों में पहुंचकर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने टोकन एवं वारदाना प्राप्त कर चुके किसान भाइयों की धान तौलकर खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ कराई तथा अन्नदाताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके परिश्रम और योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
ग्राम कठिया स्थित धान उपार्जन केंद्र में छत्तीसगढ़ महतारी की विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर टोकन प्राप्त करने वाले किसान भाइयों का गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। वहीं असौंदा, खरोरा एवं माठ के नवीन धान उपार्जन केंद्रों में भी किसानों की उपस्थिति में धान तौलकर खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ कराई गई।
मुख्यमंत्री साय सरकार की किसान हितैषी नीति से किसानों को आर्थिक संबल
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की मेहनत का उचित मूल्य दिलाने और उनकी आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार ने प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी तथा 3100 रुपये प्रति क्विंटल के लाभ का प्रावधान कर किसानों को बड़ी आर्थिक राहत दी है। इसके साथ ही कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत इस वर्ष एक महत्वपूर्ण किसान हितैषी निर्णय लिया गया है, जिसके तहत निर्धारित पात्रता एवं पंजीकृत रकबे के आधार पर किसान को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की एक समान आदान सहायता राशि मिलेगी। विशेष बात यह है कि यदि किसी किसान की पैदावार कम होती है और वह 21 क्विंटल के स्थान पर 15 क्विंटल धान ही बेच पाता है, तब भी उसे पात्रता के अनुसार पूरी आदान सहायता राशि प्राप्त होगी। इससे कम उत्पादन वाले किसानों को भी आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। यह निर्णय प्रदेश के अन्नदाता किसानों के हितों के प्रति मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सरकार की प्राथमिकता
अग्रवाल ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा, पारदर्शी तौल व्यवस्था, पर्याप्त बारदाने, समयबद्ध भुगतान एवं सुचारु उपार्जन को विशेष प्राथमिकता दे रही है। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में किसानों को सम्मान, उनकी उपज का उचित मूल्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। कृषक उन्नति योजना जैसी पहल किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
अंत में उन्होंने सभी किसान भाइयों को सफल धान खरीदी सीजन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसान खुशहाल होगा, तभी गांव समृद्ध होगा और गांवों की समृद्धि से ही विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा।
admin
















