छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक जल्द, कई जिलों में बारिश-आंधी का यलो अलर्ट जारी
रायपुर। भीषण गर्मी और उमस से परेशान छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले पांच दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं, जिससे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है।
शनिवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। चंद्रपुर में सर्वाधिक 20 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि देवभोग, बस्तर और नवागढ़ सहित अन्य इलाकों में भी बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी पांच दिनों के दौरान प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।
इस बीच गर्मी का असर भी बरकरार है। बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने रविवार के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में देवगढ़, कोप्पल, आनंदपुरम और चेन्नई तक पहुंच चुकी है। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम सक्रिय बना हुआ है। इसके चलते रविवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। कुछ इलाकों में अंधड़ और वज्रपात की भी संभावना है।
राजधानी रायपुर में भी रविवार को आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश की संभावना जताई जा रही है, लेकिन अब तक अधिकांश क्षेत्रों में लोगों को राहत नहीं मिल पाई है। ऐसे में प्रदेशवासी मानसून की पहली जोरदार बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

admin 




