छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार तेज, अगले 3-4 दिनों में पूरे प्रदेश को करेगा कवर; कई जिलों में बारिश का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून लगातार सक्रिय हो रहा है और मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 3 से 4 दिनों के भीतर मानसून प्रदेश के शेष हिस्सों तक पहुंच जाएगा। राजधानी रायपुर समेत कई क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, लेकिन बढ़ी हुई उमस लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी सात दिनों के दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। कई जिलों में मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं।
विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मुंगेली में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर और दरभा में 4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने वर्षा और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। रायपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आकाशीय बिजली की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

admin 




