18 दिन बाद भी नहीं मिली मई की पेंशन,विश्वविद्यालय पेंशनरों ने CM हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई शिकायत
रायपुर। छत्तीसगढ़ के विश्वविद्यालयों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मई माह की पेंशन अब तक नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंशनर कल्याण संघ ने आरोप लगाया है कि जून माह के 18 दिन बीत जाने के बावजूद पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है। इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर भी दो बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ।
संघ के अध्यक्ष प्रदीप मिश्र और महासचिव शिरीष त्रिवेदी ने बताया कि पिछले महीने भी पेंशन 13 दिन की देरी से मिली थी। समय पर पेंशन नहीं मिलने से वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ ने बताया कि 6 मई को सुशासन तिहार के दौरान महानदी भवन में आवेदन देकर पेंशन और डीए एरियर के समय पर भुगतान की मांग की गई थी। इसके बाद 12 और 17 जून को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायतों के प्रकरण क्रमांक CC260600010407 और CC260600023449 बताए गए हैं।
पेंशनरों का कहना है कि हर महीने पेंशन मद में पर्याप्त बजट आवंटित नहीं होने के कारण बैंकों को अतिरिक्त राशि की मांग करनी पड़ती है, जिससे भुगतान में देरी होती है। संघ ने सरकार से पेंशन बजट बढ़ाने और विश्वविद्यालयीन पेंशनरों को भी शासकीय पेंशनरों की तरह हर माह निर्धारित समय पर पेंशन भुगतान की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।
संघ ने कहा कि समय पर पेंशन मिलने से वरिष्ठ नागरिक अपनी दवाइयों और अन्य जरूरी खर्चों का बेहतर प्रबंधन कर सकेंगे। पेंशनरों ने मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों से जल्द समाधान निकालने की अपील की है।

admin 




