फलों की दुकानों पर छापा: 105 किलो सड़े आम, अंगूर और केले नष्ट 

फलों की दुकानों पर छापा: 105 किलो सड़े आम, अंगूर और केले नष्ट 

रायपुर। गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने राजधानी रायपुर में तीन दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान शहर की 52 फल दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें बड़ी मात्रा में खराब और सड़े हुए फल पाए गए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान करीब 105 किलोग्राम सड़े हुए आम, 10 किलोग्राम खराब अंगूर और 7 दर्जन केले अनुपयोगी पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कई दुकानों में फलों के भंडारण और रखरखाव में लापरवाही पाई। विभाग ने फल विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने, उचित भंडारण व्यवस्था अपनाने और सुरक्षित खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान दुकानदारों को रासायनिक पदार्थों, सिंथेटिक रंगों और कृत्रिम तरीकों से फल पकाने या बेचने पर सख्त चेतावनी भी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कहा कि मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं खराब, मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री बिकती दिखाई दे तो इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।