FOREX ट्रेडिंग में 74 लाख की साइबर ठगी,रायपुर पुलिस ने राजस्थान से दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
रायपुर। FOREX ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 74 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के दो आरोपियों को रायपुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने गूगल सर्च के जरिए पीड़ित को FIRSTIFY नाम के टेलीग्राम ग्रुप से जोड़कर निवेश कराया और अलग-अलग किश्तों में 74 लाख रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार न्यू राजेंद्र नगर निवासी बहादुर आर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 अप्रैल 2026 को उन्होंने मोबाइल से FOREX ट्रेडिंग सर्च किया था। इसके बाद एक वेबसाइट के माध्यम से उनका नंबर FIRSTIFY टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया। ग्रुप के सदस्यों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर उन्हें और उनके भतीजे को निवेश के लिए तैयार किया। दोनों ने अलग-अलग किश्तों में कुल 74 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए, लेकिन न तो कोई लाभ मिला और न ही रकम वापस हुई।
मामले में न्यू राजेंद्र नगर थाने में धारा 318(4) बीएनएस और 66(डी) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की।
तकनीकी जांच से राजस्थान तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खातों, टेलीग्राम आईडी, व्हाट्सएप अकाउंट और डिजिटल ट्रांजेक्शन की चेन एनालिसिस की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन राजस्थान में मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची और लगातार निगरानी के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूली ठगी
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस अब जब्त मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि गिरोह के बाकी सदस्यों और अन्य राज्यों में की गई ठगी का पता लगाया जा सके।
गिरफ्तार आरोपी
मुकेश कुमार मीणा (26), निवासी डोला का बांस, थाना कालाडेरा, जिला जयपुर (राजस्थान)
संदीप कुमार (24), निवासी शाहपुरा, थाना जाजोत, जिला सीकर (राजस्थान)

admin 




