विकास के लिए कई बार पेड़ काटना जरूरी: सीएम साय
अंबिकापुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हसदेव क्षेत्र में पेड़ों की कटाई को लेकर पहली बार बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का 44 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित है और राज्य में लगातार वृक्षारोपण के माध्यम से हरित क्षेत्र बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से कैम्पा मद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है। इसके चलते प्रदेश में लगभग ढाई प्रतिशत अतिरिक्त वन क्षेत्र विकसित हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक जंगलों का अपना अलग महत्व है, लेकिन विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उद्योग नीति के तहत यदि कोई उद्योगपति पेड़ काटता है तो उसके बदले कई गुना अधिक पौधे लगाए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि विकास कार्यों के लिए कई बार पेड़ों की कटाई जरूरी हो जाती है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सडक़ निर्माण के लिए पेड़ काटने पड़ते हैं, क्योंकि सडक़ें आसमान में नहीं बनाई जा सकतीं। मुख्यमंत्री ने हसदेव को लेकर लगातार आरोप लगाने वालों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे लोगों को विकास और जनहित की जरूरतों को भी समझना चाहिए।

admin 




