छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: राज्य में मौसम ने लिया यू-टर्न, ठंडी हवाओं की दिशा बदलने से तापमान में दिखेगा उतार-चढ़ाव

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: राज्य में मौसम ने लिया यू-टर्न, ठंडी हवाओं की दिशा बदलने से तापमान में दिखेगा उतार-चढ़ाव
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में हवाओं की दिशा में बदलाव आया है, जिसके चलते न्यूनतम तापमान में लगातार हो रही गिरावट का दौर फिलहाल थम गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में आंशिक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

बीते 24 घंटों के मौसम आंकड़ों पर नजर डालें तो सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दीपावली से पूर्व ही राज्य में रात के तापमान में लगातार गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया था, जिससे सुबह और देर रात के समय ठंड का अहसास बढ़ने लगा था। हालांकि, अब तापमान में गिरावट की रफ्तार सुस्त पड़ गई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य में ठंड बढ़ने की मुख्य वजह उत्तर दिशा से आने वाली सर्द हवाएं थीं, जिनके प्रभाव से पारे में लगातार गिरावट आ रही थी। अब पश्चिमी विक्षोभ के असर से हवा का रुख बदलने लगा है, जिसका सीधा प्रभाव न्यूनतम तापमान पर पड़ रहा है और पारा आंशिक रूप से ऊपर जा सकता है। आगामी कुछ दिनों तक मौसम के मिजाज में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, और ठंड में वृद्धि की गति धीमी बनी रहेगी।