रायपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रैक तक पहुंची कार, वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू
रायपुर। राजधानी के रायपुर रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक इनोवा कार स्टेशन परिसर के भीतर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पार करते हुए रेलवे ट्रैक तक पहुंचती दिखाई दे रही है। घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में कार को पार्सल ऑफिस की ओर से स्टेशन परिसर में प्रवेश करते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद वाहन प्लेटफॉर्म नंबर-1 को पार कर सीधे रेलवे ट्रैक की ओर बढ़ जाता है। वीडियो में कुछ समय के लिए कार ट्रैक के बीच फंसी हुई भी नजर आती है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि उस समय संबंधित ट्रैक पर किसी ट्रेन की आवाजाही नहीं थी, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा यह पता लगाया जा रहा है कि कार स्टेशन परिसर और ट्रैक तक कैसे पहुंची तथा इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई।
फिलहाल रेलवे प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।1

admin 




