1500 मीटर तिरंगे के साथ निकला देशभक्ति का कारवां, ‘भारत माता की जय’ से गूंजा रायपुर,जगह-जगह बरसे फूल

1500 मीटर तिरंगे के साथ निकला देशभक्ति का कारवां, ‘भारत माता की जय’ से गूंजा रायपुर,जगह-जगह बरसे फूल

रायपुर। राजधानी सोमवार को देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली गई भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, आम नागरिक, विद्यार्थी और विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष के साथ निकली यात्रा का मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

यात्रा बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम से शुरू होकर सिद्धार्थ चौक, पुरानी बस्ती, कालीबाड़ी और महिला थाना चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में मुख्यमंत्री साय और दोनों उप मुख्यमंत्री करीब 1500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ चले। घोड़ा-बग्घी भी यात्रा का आकर्षण रही।

*तिरंगा 140 करोड़ भारतीयों के सम्मान का प्रतीक : साय*

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा 140 करोड़ भारतवासियों के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। यह पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने का काम करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत काल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की थी, जो अब राष्ट्रव्यापी आंदोलन का रूप ले चुका है।

सीएम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी को यह बताना है कि देश की आजादी आसानी से नहीं मिली। महात्मा गांधी, चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, वीर सावरकर सहित अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने त्याग और बलिदान देकर देश को आजादी दिलाई।

*वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर को किया याद*

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की माटी के महान सपूत शहीद वीर नारायण सिंह और जननायक गुंडाधुर को भी याद किया। उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह ने अकाल और भुखमरी के दौर में अपनी जनता का पेट भरने के लिए अनाज देकर अमूल्य योगदान दिया। वहीं जननायक गुंडाधुर ने बस्तर में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया।

सीएम ने दोनों महानायकों के शौर्य, पराक्रम और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के इन वीरों की गाथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।

*नक्सलवाद के समाधान को बताया बड़ी उपलब्धि*

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जिस नक्सल समस्या के समाधान को लेकर कभी अनिश्चितता जताई जाती थी, आज उसका सफल समाधान हो चुका है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए सौभाग्य बताते हुए इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व, उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के निरंतर प्रयासों और स्थानीय जनता के सहयोग को दिया।

उन्होंने कहा कि अब राजधानी के बाद प्रदेश के सभी जिलों, मंडलों, स्कूलों और विभिन्न संस्थानों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इस बार नक्सल प्रभावित दूरस्थ क्षेत्रों के गांवों और स्कूलों तक भी तिरंगा यात्रा पहुंचेगी। 15 अगस्त को इन क्षेत्रों में भी शान से राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा।

*घर, कार्यालय और संस्थानों में तिरंगा फहराने की अपील*

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों, कार्यालयों और संस्थानों में तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के वीर सपूतों और उनके बलिदान को नमन करें।

*देश के गौरव से जुड़े अभियान में भाग लें : अरुण साव*

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रत्येक नागरिक से अपने घर, दुकान, कार्यालय और संस्थानों में राष्ट्रध्वज फहराकर अभियान में भाग लेने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्राओं का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को याद करना तथा उनके प्रति सम्मान व्यक्त करना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने की अपील की।

*गुलामी की मानसिकता और कुरीतियों को दूर करना जरूरी : विजय  शर्मा*

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की है। देश को गौरवान्वित करने के लिए गुलामी के दौर में समाज में आई कुरीतियों और विकृतियों को दूर करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों और महापुरुषों के साथ देश की रक्षा और सेवा में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीद जवानों को भी याद कर उन्हें नमन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रत्येक नागरिक के संबंध को और मजबूत करना है। हर घर पर तिरंगा फहराना देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीरों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

*1500 मीटर के तिरंगे के साथ चला नेतृत्व*

तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा करीब 1500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ चले। विशाल तिरंगे को लेकर कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। घोड़ा-बग्घी के साथ निकली यात्रा आकर्षण का केंद्र रही।

यात्रा जैसे-जैसे शहर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़ी, वैसे-वैसे इसमें लोगों की भागीदारी भी बढ़ती गई। मार्ग में कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा।

*शहर में जगह-जगह स्वागत, देशभक्ति के रंग में रंगा माहौल*

बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा सिद्धार्थ चौक, पुरानी बस्ती, कालीबाड़ी और महिला थाना चौक से होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंची। पूरे मार्ग में तिरंगे लहराते नजर आए। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।

तिरंगा यात्रा के दौरान राजधानी का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर रहा। जगह-जगह पुष्पवर्षा और जयघोष ने यात्रा को भव्य स्वरूप दिया।

*ये रहे शामिल*

तिरंगा यात्रा में कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, गुरु खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, लक्ष्मी रजवाड़े, भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, श्याम नारंग सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, आम नागरिक, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी मौजूद रहे।