मेधावी और जरूरतमंद छात्रों के लिए समाज को एक करोड़ का दान
सेवानिवृत्त बैंक कर्मी का महादान
रायपुर (चैनल इंडिया)। भौतिकता प्रधान वर्तमान परिवेश में समाज को एक करोड़ रुपयों का दान, वह भी एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मी द्वारा दिया जाना, महर्षि दधीचि के जीते जी स्व-अस्थियों के दान से तुलनीय है। विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंध समिति रायपुर को मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए बैंक सेवा से सेवानिवृत्त तोषपाल उपाध्याय और उनकी पुत्री निवेदिता उपाध्याय ने एक करोड़ रुपयों का दान दिया है। उनके इस दान की समाजजनों ने सराहना की है।
छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक और प्रेरणादायी क्षण के साक्षी बने। विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंध समिति के अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी को एक करोड़ का चेक प्रदान करते हुए तोषपाल उपाध्याय ने कहा कि अपने समाज से सदा जुड़ा रहा। परंतु नौकरी के कारण कभी सक्रिय भागीदारी का अवसर नहीं मिला। परंतु सेवानिवृत्त होने के बाद और अपने सभी दायित्व से मुक्त होने के बाद समाज को कुछ देने का मन किया तो अपनी पत्नी सुधा उपाध्याय की स्मृति में ब्राह्मण समाज के मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए एक छोटी सी राशि देने की इच्छा जागृत हुई। उस इच्छा को आज पूर्ण करके एक असीम संतोष की प्राप्ति हो रही है।
इस अवसर पर उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश टीपी शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज के लिए आज गौरव का क्षण है। आज तक समाज के किसी सदस्य ने इतनी बड़ी राशि दान नहीं दी है। अनुराग पांडेय ने कहा कि, समाज के सदस्य इसी प्रकार नई पीढ़ी को तैयार करने के लिए योगदान देते रहेंगे, तो निश्चित ही ब्राह्मण समाज का भविष्य उज्जवल है। छत्तीसगढ़ युवा विकास संगठन के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज के कार्यों का विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंध समिति के माध्यम से छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज के द्वारा किए जा रहे कार्यों पर विश्वास और श्रद्धा का ही परिणाम है कि, हमारे समाज के एक सदस्य द्वारा एक करोड़ की राशि सामाजिक कार्यों के लिए प्रदान की गई है।

admin 




