ऑनलाइन दवा बिक्री का विरोध, कल बंद रहेगी दवा दुकानें

ऑनलाइन दवा बिक्री का विरोध, कल बंद रहेगी दवा दुकानें
रायपुर (चैनल इंडिया)। देशभर में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में कल 20 मई को दवा दुकानें बंद रहेगी। दवा दुकानों को बंद रखने के आह्वान को छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के चिकित्सा प्रकोष्ठ ने समर्थन दिया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि ऑनलाइन दवा कंपनियों के बढ़ते प्रभाव से स्थानीय छोटे और मंझोले दवा व्यापारियों के अस्तित्व पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश की सभी दवा दुकानों को 20 मई को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण स्थानीय व्यापारियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिससे न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी प्रभावित हो रहे हैं।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि दवाओं जैसी संवेदनशील वस्तुओं की ऑनलाइन बिक्री में गुणवत्ता और नियमों की अनदेखी होने की संभावना बनी रहती है, जो जनस्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी विदेशी और ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट का लालच देकर स्थानीय बाजार को खत्म करने का प्रयास कर रही है, जिससे आने वाले समय में स्थानीय व्यापार पूरी तरह समाप्त हो सकता है।