पहली बार सामने आए ऑपरेशन सिंदूर में शहीद जांबाजों के नाम

पहली बार सामने आए ऑपरेशन सिंदूर में शहीद जांबाजों के नाम

नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर में शहीद होने वाले 6 जांबाज सैनिकों के नाम पहली बार सामने आए हैं। इन नामों का उल्लेख राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की वेबसाइट पर किया गया है। इस वेबसाइट पर भारत उन सभी शहीदों के नामों का उल्लेख है, जिन्होंने भारत के लिए किसी भी युद्ध या फिर ऑपरेशन में हिस्सा लिया था। अब इसी वेबसाइट पर उन नामों का उल्लेख हुआ है, जो दुश्मन देश पाकिस्तान से लोहा लेते हुए शहीद हो गए।

शहीद जांबाजों में सूबेदार मेजर पवन कुमार, रायफलमैन सुनील कुमार, लांसनायक दिनेश कुमार, एवी मूद मुरलीनायक, हवलदार सुनील कुमार सिंह और सुरेंद्र कुमार शामिल हैं।
इन सभी नामों का जिक्र नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट के रोल ऑफ ऑनर सेक्शन में हुआ है। कुल 26,626 शहीदों के नाम दिए गए हैं। इन शहीदों में 1947-48 में पाकिस्तान के साथ हुई जंग से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक में शहीद हुए सैनिकों के नाम हैं। 

बीते साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को सबक सिखाते हुए सीमा पार हमला किया था। करीब 4 दिनों तक यह संघर्ष चला था। अब तक सरकार की ओर से इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। ऐसा पहली बार है, जब ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों के नाम सामने आए हैं। पहले भी कुछ सैनिकों की शहादत की रिपोर्ट्स थीं, लेकिन सरकार की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ कहा नहीं गया था।

नेशनल वॉर मेमोरियल के रोल ऑफ ऑनर में नामों का प्रकाशन असल में उन सशस्त्र बलों के जवानों के शहीद होने की पहली आधिकारिक पुष्टि है, जिन्होंने इस ऑपरेशन के दौरान अपनी जान गंवाई।

'ऑपरेशन सिंदूर' 7 मई 2025 की सुबह शुरू किया गया था। यह ऑपरेशन पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए उस आतंकी हमले के दो हफ्ते बाद शुरू हुआ था। इसमें 26 आम नागरिक मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवाद से जुड़े नौ ठिकानों पर सटीक हमले किए थे. इसमें जैश-ए-मोहम्मद व लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। पड़ोसी मुल्क की गुहार के बाद भारत और पाकिस्तान 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हुए थे।