छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, अगले 7 दिनों तक मध्यम से भारी बारिश के आसार; कई जिलों में यलो अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, अगले 7 दिनों तक मध्यम से भारी बारिश के आसार; कई जिलों में यलो अलर्ट

रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने छत्तीसगढ़ के सभी हिस्सों को पूरी तरह कवर कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब बारिश की गतिविधियां तेज होने वाली हैं और अगले सात दिनों के दौरान कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है। पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई है।

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर तक उमस भरे मौसम के बाद हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ। बुधवार को भी शहर में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने रायपुर में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से रायपुर समेत प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान कुसमी में 9 सेंटीमीटर, पखांजूर में 7 सेंटीमीटर तथा चंद्रपुर, मर्दापाल, गिधौरी और टुंड्रा में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शिवरीनारायण, कोटा और दंतेवाड़ा सहित कई इलाकों में 3 से 4 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों के दौरान बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली, नारायणपुर, रायगढ़, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।