21 से ‘हिंदू राष्ट्र अभियान’, आएंगे जगद्गुरु शंकराचार्य 

21 से ‘हिंदू राष्ट्र अभियान’, आएंगे जगद्गुरु शंकराचार्य 

पांच दिवसीय धर्मसभा होगी 

रायपुर (चैनल इंडिया)। श्रीगोवद्र्धनमठ पुरीपीठाधीश्वर के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज 21 से 25 जुलाई तक की रायपुर में पांच दिवसीय पावन प्रवास करेंगे। यह प्रवास ‘हिंदू राष्ट्र अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।

यह आयोजन श्री सुदर्शन संस्थानम् (शंकराचार्य आश्रम एवं प्रांतीय कार्यालय पीठ परिषद, आदित्य वाहिनी, आनंद वाहिनी), बिलासपुर रोड, रावांभाठा, रायपुर में होगा। प्रवास के दौरान जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती धर्म, राष्ट्र, भारतीय संस्कृति, गोसंरक्षण तथा ‘हिंदू राष्ट्र’ सहित विभिन्न विषयों पर श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। साथ ही धार्मिक, आध्यात्मिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए पीठ परिषद, आदित्य वाहिनी और आनंद वाहिनी की केंद्रीय एवं प्रांतीय इकाइयां लगातार कार्य कर रही हैं। आयोजन की जानकारी देते हुए आनंद वाहिनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा तिवारी, पीठ परिषद छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष नवनीत तिवारी तथा आदित्य वाहिनी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष दुबे ने बताया कि श्रद्धालुओं को शंकराचार्य के दर्शन एवं उनके विचारों का लाभ मिल सके, इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।