भीषण गर्मी से झुलस रहा छत्तीसगढ़, रायपुर-बिलासपुर समेत कई जिलों में हीटवेव अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार दूसरे दिन प्रदेश के अधिकांश इलाके तेज गर्मी की चपेट में रहे। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर समेत कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। हालांकि बस्तर संभाग में 26 मई से बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना जताई गई है, जबकि मध्य क्षेत्र में इसका असर 29 मई के बाद देखने को मिल सकता है।
प्रदेश में सुबह 10 बजे के बाद तेज धूप का असर शुरू हो जा रहा है और दोपहर होते-होते लू चलने लग रही है। शाम 5 बजे तक गर्म हवाओं का प्रभाव बना रहता है, जिससे आमजन बेहाल हैं। शुक्रवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, अंदरूनी उड़ीसा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। साथ ही उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ और उड़ीसा तक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ का असर भी देखा जा रहा है। इन मौसम प्रणालियों के चलते फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले तीन दिनों में तापमान में करीब 2 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में तापमान की बात करें तो रायपुर में 44.2 डिग्री, बिलासपुर में 44 डिग्री, जगदलपुर में 42.4 डिग्री और अंबिकापुर में 41.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

admin 





