भिलाई वार्ड-23 गुरु घासीदास नगर में गूंजे जयकारे : भगवान पशुपतिनाथ और दक्षिणमुखी हनुमान की हुई प्राण प्रतिष्ठा

भिलाई वार्ड-23 गुरु घासीदास नगर में गूंजे जयकारे : भगवान पशुपतिनाथ और दक्षिणमुखी हनुमान की हुई प्राण प्रतिष्ठा

भिलाई। वार्ड-23 गुरु घासीदास नगर में तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन के बीच भगवान पशुपतिनाथ (शिवलिंग) एवं दक्षिणमुखी हनुमान की मूर्तियों की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की गई। मंदिर संस्थापक निखिल सोनी के मार्गदर्शन एवं वार्डवासियों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उमड़ी। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

आयोजन के पहले दिन मंगल कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ मूर्तियों का जलाधिवास किया। दूसरे दिन वेदी पूजन और देव स्थापना के साथ अन्नाधिवास, पुष्पाधिवास, फलाधिवास एवं पत्राधिवास की धार्मिक रस्में पूरी की गईं। तीसरे दिन मुख्य अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान पशुपतिनाथ एवं दक्षिणमुखी हनुमान की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके बाद जलाभिषेक, हवन-पूजन और महाआरती हुई। आयोजन के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत दुर्ग अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, चैनल इंडिया के प्रधान संपादक पवन दुबे, भाजपा महिला मोर्चा भिलाई जिला अध्यक्ष स्वीटी कौशिक एवं महिला मोर्चा की सदस्याएं, जामुल नगरपालिका की नेता प्रतिपक्ष रामप्यारी वर्मा, बागडूमर सरपंच एवं सरपंच संघ अध्यक्ष दामिनी साहू, भाजपा जिला मंत्री मनोज तिवारी और भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य विजय शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंदिर संस्थापक निखिल सोनी ने अभी अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया।