महिला थाना के पास युवक की संदिग्ध हालत में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका

महिला थाना के पास युवक की संदिग्ध हालत में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका

रायपुर। राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित महिला थाना के पास बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला, जबकि उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस हत्या सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी प्रकाश के रूप में हुई है। सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई।

घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से विभिन्न साक्ष्य और आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि मृतक के सिर पर मिले चोट के निशान मामले को संदिग्ध बना रहे हैं। मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे किसी आपराधिक घटना की भूमिका है या नहीं.