उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का छत्तीसगढ़ दौरा: एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में होंगे मुख्य अतिथि; जानें मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का छत्तीसगढ़ दौरा: एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में होंगे मुख्य अतिथि; जानें मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
रायपुर: भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज (2 सितंबर) एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंच रहे हैं। वे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS Raipur) के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर रायपुर पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व यातायात के कड़े इंतजाम किए हैं।

एम्स के दीक्षांत समारोह में करेंगे शिरकत

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति सुबह रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर उतरेंगे और वहां से सीधे एम्स रायपुर परिसर के लिए रवाना होंगे। सुबह 11 बजे आयोजित तीसरे दीक्षांत समारोह में वे मेधावी विद्यार्थियों और शोधार्थियों को डिग्रियां व पदक प्रदान करेंगे।

समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल तथा एम्स के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

उपराष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल

  • सुबह 10:00 बजे: रायपुर एयरपोर्ट पर आगमन।
  • सुबह 10:45 बजे: एम्स रायपुर परिसर पहुंचेंगे।
  • सुबह 11:00 बजे: एम्स के तीसरे दीक्षांत समारोह का शुभारंभ।
  • दोपहर 12:30 बजे: कार्यक्रम के बाद एयरपोर्ट के लिए रवानगी।
  • दोपहर 01:30 बजे: विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान।

सुरक्षा चाक-चौबंद, मरीजों के लिए यातायात निर्देश

उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। एयरपोर्ट से सरोना रिंग रोड और टाटीबंध चौक तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और रूट पर मॉकड्रिल पूरी कर ली गई है।

अस्पताल आने वाले मरीजों के लिए सूचना: वीआईपी मूवमेंट के कारण 2 सितंबर को एम्स का गेट नंबर 4 और 5 आम नागरिकों के लिए बंद रहेगा। हालांकि, ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेवाओं में आने वाले मरीजों के लिए पहले की तरह गेट नंबर 2 का उपयोग सुचारू रूप से जारी रहेगा।