नेतानार में शहीद वीर गुण्डाधुर सेवा डेरा शुरू, नक्सल नुकसान की भरपाई सरकार करेगी : अमित शाह

नेतानार में शहीद वीर गुण्डाधुर सेवा डेरा शुरू, नक्सल नुकसान की भरपाई सरकार करेगी : अमित शाह

जगदलपुर। शहीद वीर गुण्डाधुर के गांव नेतानार पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज ऐलान किया कि एक साल के अंदर छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार नक्सल प्रभावित गांवों में पहुंचेगी। किसी भी काम के लिए किसी को भी रायपुर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि गुजरात की तर्ज पर बस्तर में डेयरी व्यवसाय को प्रोत्साहित किया जाएगा और इसके लिए हर आदिवासी परिवार को दो दुधारू पशु दिए जाएंगे।

नेतानार में सुरक्षा कैम्प को सेवा डेरा में तब्दील करते हुए अमित शाह ने कहा कि डेयरी तथा वनोपजों से बस्तर में नए युग की शुरुआत की जाएगी। वनोपजों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग तथा मार्केटिंग के माध्यम से बस्तर की अर्थ व्यवस्था को बदलने की कोशिश की जाएगी और यहीं से बस्तर में नए युग की शुरुआत होगी।

शहीद गुण्डाधुर की शहादत को नमन करते हुए अमित शाह ने कहा कि उन्होंने बस्तर के इसी रूप के लिए संघर्ष किया होगा। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए शुरू किए गए 196 सुरक्षा कैंपों को अब सेवा डेरा के रूप में बदला जाएगा। अगले डेढ़ साल में 70 सुरक्षा कैम्पों का सेवा डेरा के रूप में तब्दील किया जाएगा, जहां सभी प्रकार की सुविदाएं रहेंगी। केंद्र और राज्य सरकार की हर योजना का लाभ अनुसूचित जनजाति के लोगों को मिलेगा। किसी भी योजना से उन्हें वंचित नहीं किया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि देश को बरसों पहले आजाद हो गया था लेकिन यहां के निवासियों को आजादी अब मिली है। 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा है कि नक्सलवाद समाप्त हो जाने के बाद चैन से नहीं बैठना है। नक्सलवाद से जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई अगले पांच सालों में केंद्र और राज्य सरकार करेगी। बस्तर के लोगों को अब किसी भी सुविधा के लिए तरसना नहीं पड़ेगा। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली और पानी के साथ सरकार की हर योजना उन तक पहुंचाई जाएगी और रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे, जिससे बस्तर विकास की मुख्य धारा में जुड़ सके। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।