3 दिन में सैकड़ों लोगों का पंजीयन, विधायक अनुज शर्मा ने बांटे प्रमाण-पत्र, बोले- केवल कागजी कामकाज नहीं,अंतिम छोर के व्यक्ति के जीवन में लाएंगे बदलाव
धरसींवा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित तीन दिवसीय वृहद पंजीयन शिविर का सोमवार को समापन हो गया। शिविर के अंतिम दिन विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र एवं किट वितरित किए।
शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों, श्रमिकों और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से जोड़ना तथा मौके पर ही उनका पंजीयन कराना था। इसके लिए विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर योजनाओं के लिए आवेदन और पंजीयन कराया।
पहले दिन ही सैकड़ों आवेदनों का हुआ निराकरण
आयोजकों के अनुसार शिविर में राजस्व, श्रम, कृषि, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े सैकड़ों आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
शासन की योजनाएं घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास: अनुज शर्मा
हितग्राहियों को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह शिविर केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव और कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी के कारण कई पात्र लोग योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से उन्हें एक ही स्थान पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ शिविर का आयोजन किया गया है, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान और योजनाओं के लिए पंजीयन एक ही छत के नीचे हो सके।
लोगों से अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील
विधायक ने क्षेत्रवासियों से शिविरों का अधिकतम लाभ उठाने और अन्य जरूरतमंद लोगों को भी इसकी जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
समापन समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला ढीलेंद्र सेन, राकेश यादव, प्रमोद निशाद, हनुमंत आदिल, जनपद पंचायत सीईओ आशीष केशरवानी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

admin 




