मोबाइल के दुष्प्रभाव, साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक सारागांव
रायपुर। एबीसी पब्लिक स्कूल, सारागांव में कक्षा 6वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष मोटिवेशनल एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मोटिवेशनल स्पीकर कृष्णा माणिकपुरी ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता, अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और लक्ष्य निर्धारण के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। माणिकपुरी ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, नियमित अध्ययन और समय के सदुपयोग का महत्व समझाते हुए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। सत्र के दौरान विशेष रूप से मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि मोबाइल का अनावश्यक उपयोग विद्यार्थियों की एकाग्रता, पढ़ाई, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल का सीमित उपयोग करने तथा अपना अधिक समय पढ़ाई, खेलकूद, पुस्तक पढ़ने और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने की सलाह दी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्होंने विशेष रूप से सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक को बिना जांचे न खोलें, अनावश्यक सोशल मीडिया गतिविधियों से दूर रहें, अपना OTP (One Time Password) किसी के साथ साझा न करें तथा किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें। उन्होंने विद्यार्थियों को इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने के लिए जागरूक किया। यह सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इससे विद्यार्थियों को न केवल जीवन में अच्छी आदतें अपनाने की प्रेरणा मिली, बल्कि डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण तरीके भी सीखने को मिले। विद्यालय प्रबंधन ने कृष्णा माणिकपुरी का बहुमूल्य समय देने तथा विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।