तरबूज खाने से चार बच्चों को फूड पॉइजनिंग, एक की मौत
जांजगीर-चांपा (चैनल इंडिया)। जिले में तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के चार बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस घटना में इलाज के दौरान एक किशोर की जान चली गई है। मिली जानकारी के अनुसार, जिले में एक परिवार के बच्चों ने तरबूज खाया था, जिसके कुछ ही देर बाद उन्हें उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बच्चों की हालत काफी गंभीर हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया। फूड पॉइजनिंग का असर इतना खतरनाक था कि 15 साल के एक किशोर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, अन्य तीन बच्चों का इलाज वर्तमान में जिला अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों की टीम बच्चों की सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस बात की जांच कर सकता है कि तरबूज में किसी तरह का रासायनिक छिडक़ाव या कोई अन्य कारण तो नहीं था जिसने इसे जहरीला बना दिया।

admin 





