छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का मंडराया खतरा, अंबिकापुर में पारा लुढ़ककर 11 डिग्री पहुंचा

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का मंडराया खतरा, अंबिकापुर में पारा लुढ़ककर 11 डिग्री पहुंचा
रायपुर: छत्तीसगढ़ में ठंड का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है, वहीं दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में बने नए वेदर सिस्टम के कारण चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) लगातार आगे बढ़ रहा है, जिसके आगामी दिनों में चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना जताई जा रही है। इस मौसमी हलचल का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत होने वाली है, ऐसे में इस संभावित बदलाव को लेकर किसान और प्रशासन दोनों सतर्क हो गए हैं।

अगले 3 दिनों तक मौसम शुष्क, तापमान में विशेष बदलाव नहीं: मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और बारिश को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, और सुबह-शाम गुलाबी ठंड का अहसास लगातार जारी रहेगा। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रमुख शहरों का तापमान:

  • रायपुर: अधिकतम 30°C | न्यूनतम 16°C
  • बिलासपुर: अधिकतम 30°C | न्यूनतम 16°C
  • दुर्ग: अधिकतम 30°C | न्यूनतम 16°C
  • राजनांदगांव: अधिकतम 30°C | न्यूनतम 17°C
  • पेंड्रा रोड: अधिकतम 28°C | न्यूनतम 14°C
  • अंबिकापुर: अधिकतम 27°C | न्यूनतम 11°C
  • सूरजपुर: अधिकतम 28°C | न्यूनतम 12°C
  • जगदलपुर: अधिकतम 29°C | न्यूनतम 14°C