जल्द हो सकती है प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति, अध्यक्ष से मिलकर लौटे सीएम ने दिए संकेत

जल्द हो सकती है प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति, अध्यक्ष से मिलकर लौटे सीएम ने दिए संकेत

रायपुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने एक दिवसीय दिल्ली प्रवास से लौटे। यहां एयरपोर्ट के बाहर उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से सौजन्य मुलाकात हुई और छत्तीसगढ़ के विषय में उन्हें अवगत कराया। इसके साथ ही उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से पार्टी के प्रदेश प्रभारी पर सवाल का जवाब देते हुए उन्होने कहा कि यह तो केंद्रीय नेतृत्व का मामला है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हमारे प्रदेश के संगठन के प्रभारी थे। अब वे राष्ट्रीय अध्यक्ष हो गए हैं, तो यहां तो कोई न कोई संगठन प्रभारी रहेगा ही। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही छत्तीसगढ़ भाजपा को नया प्रभारी मिल सकता है। हाल ही में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा के बाद माना जा रहा है कि, जल्द ही नए प्रभारी का ऐलान किया जा सकता है। सियासी सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री से इस संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष की चर्चा हुई होगी।

सीएम हाउस में बिखरा रक्षाबंधन का उल्लास 
मुख्यमंत्री निवास में शुकवार को रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता, स्नेह और उल्लास के वातावरण में मनाया गया। समाज के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं माताओं-बहनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों का स्वागत करते हुए कहा कि बहनों का यह स्नेह उनके लिए अनमोल है और उनका आशीर्वाद प्रदेश की सेवा के संकल्प को और मजबूत करता है।


राष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ के बच्चों को बांधी राखी (फोटो)

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पिथौरा स्थित रामदर्शन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राखी बंधवाई। इस अवसर का सबसे भावुक और यादगार पल उस समय आया जब राष्ट्रपति ने बच्चों से आत्मीयता के साथ पूछा, आप कहां से आए हैं? बच्चों ने गर्वपूर्वक एक स्वर में जवाब दिया, छत्तीसगढ़! बच्चों के उत्तर पर राष्ट्रपति की आत्मीय मुस्कान और उनके द्वारा कही गई पंक्ति छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा ने पूरे माहौल को यादगार बना दिया।