भूपेश बघेल के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब, पाटन से रायपुर तक कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

भूपेश बघेल के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब, पाटन से रायपुर तक कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

कार्यकर्ताओं ने करी लड्डू, फूल, फल और धान से तौलकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री और एआईसीसी महासचिव भूपेश बघेल का जन्मदिन रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया। भिलाई निवास से लेकर पाटन, दुर्ग और रायपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री निवास तक कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी। जगह-जगह फूल-मालाओं, आतिशबाजी और मिठाई बांटकर बघेल का स्वागत किया गया।

पाटन के अखरा दाई मंदिर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों लोग बधाई देने पहुंचे। प्रदेशभर से कांग्रेस के विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी पाटन पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने भूपेश बघेल को करी लड्डू, फूल, फल और धान से तौलकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

पाटन में रही सबसे ज्यादा चाहने वालों की भीड़

जन्मदिन के कार्यक्रमों में पाटन में सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया था। भिलाई निवास से पाटन और फिर दुर्ग होते हुए रायपुर तक बघेल के स्वागत का सिलसिला चलता रहा। रायपुर के एक्स सीएम हाउस में भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन मनाया।

बोले बघेल- स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी ताकत

इस मौके पर भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि आपका स्नेह, प्यार और आशीर्वाद ही मेरी असल ताकत है। यही विश्वास उन्हें प्रदेश के तीन करोड़ लोगों के हितों के लिए काम करने की प्रेरणा देता है। प्रदेश के कोने-कोने से आए कार्यकर्ताओं का जोश उन्हें कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की ताकत देता है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और विश्वास उन्हें माटी की सेवा के लिए और अधिक क्षमता से काम करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास सदैव जारी रहेगा।