मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीण को बाइक ने मारी टक्कर, अस्पताल में मौत

मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीण को बाइक ने मारी टक्कर, अस्पताल में मौत

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बैमा में रविवार सुबह सड़क हादसे में 47 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। वह रोज की तरह सुबह अपने कुत्ते को टहलाने के लिए सड़क किनारे निकले थे। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को परिजन तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान ग्राम बैमा निवासी भागवत सूर्यवंशी (47), पिता स्वर्गीय गोंदाराम सूर्यवंशी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच भागवत अपने घर के कुत्ते को गांव के पास सड़क किनारे टहला रहे थे। तभी बिलासपुर की ओर से आ रही बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए सिम्स ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार पास के ग्राम नगोंई का निवासी है और हादसे के समय अपने एक साथी के साथ कहीं से लौट रहा था।

घटना की सूचना सरकंडा थाने में दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।