छत्तीसगढ़ में मानसून पकड़ेगा रफ्तार, नया सिस्टम कराएगा झमाझम बारिश

छत्तीसगढ़ में मानसून पकड़ेगा रफ्तार, नया सिस्टम कराएगा झमाझम बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में बनने वाले नए मौसम सिस्टम के प्रभाव से 29 अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। हालांकि नया सिस्टम बनने के बाद बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी होने की संभावना जताई जा रही है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल व उत्तर ओडिशा तट के पास निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है।

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश?

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कुसमी में सबसे अधिक 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेमी बारिश हुई।

इसके अलावा कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में 5-5 सेमी, जबकि बलरामपुर, राजपुर, कांसाबेल, प्रतापपुर और पोड़ी में 4-4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इस दौरान प्रदेश का सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।