आम महोत्सव में मैंगो व्यंजन प्रतियोगिता संपन्न: शंपा यादव रहीं प्रथम, आज होगा फैंसी ड्रेस और सांस्कृतिक कार्यक्रम 

आम महोत्सव में मैंगो व्यंजन प्रतियोगिता संपन्न: शंपा यादव रहीं प्रथम, आज होगा फैंसी ड्रेस और सांस्कृतिक कार्यक्रम 

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के उद्यानिकी विभाग एवं प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आम महोत्सव के तहत मैंगो व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आम से बने विभिन्न स्वादिष्ट और नवाचारपूर्ण व्यंजन प्रस्तुत किए, जिन्हें निर्णायकों और उपस्थित दर्शकों ने सराहा।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं निर्णायक प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा राय रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों को आम से विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार करने की विधियां और उपयोगी रेसिपी की जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जय हरितिमा लेडीज क्लब, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर की अध्यक्ष ममता चंदेल उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में शंपा यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंशिका नायक द्वितीय और सान्वी नायडू तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रमाण पत्र एवं गिफ्ट वाउचर प्रदान किए गए।

आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहन वर्ल्यानी ने बताया कि आम महोत्सव का समापन 30 मई को होगा। समापन अवसर पर विभिन्न संस्थाओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही बच्चों के लिए मैंगो फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और उसके बाद सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन श्वेता एंकर ने किया। इस अवसर पर सर्वत्र सेठी, मनीषा त्रिवेदी, शिल्पी नागपुरे, राम खटवानी, डी.के. तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।