रायपुर में फुहारें,बिलासपुर में अधिक बारिश,अगले 5 दिन छत्तीसगढ़ में मौसम रहेगा मेहरबान

रायपुर में फुहारें,बिलासपुर में अधिक बारिश,अगले 5 दिन छत्तीसगढ़ में मौसम रहेगा मेहरबान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं बारिश हुई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी से अत्यधिक बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन तेज बारिश की बजाय रुक-रुककर हल्की फुहारें पड़ती रहीं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है। इसके चलते अगले पांच दिनों तक पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। इस दौरान प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन जिलों के लिए यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, दुर्ग और बेमेतरा जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने के आसार हैं। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।