17 सालों से कोई भूखा नहीं लौटता,हर शनिवार महाभंडारे में हजारों श्रद्धालु ग्रहण करते हैं प्रसाद
रायपुर। राजधानी के रेलवे स्टेशन परिसर स्थित श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर में पिछले 17 वर्षों से हर शनिवार महाभंडारा लगातार जारी है। वर्ष 2009 से शुरू हुई यह सेवा बिना किसी रुकावट के आज भी श्रद्धा और समर्पण के साथ संचालित की जा रही है। शनिवार को मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और महाप्रसाद ग्रहण किया।

मंदिर परिसर में राठी परिवार की ओर से जनकल्याण की भावना से हर शनिवार महाभंडारे का आयोजन किया जाता है। समिति का कहना है कि यह केवल भोजन वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और आस्था का सतत अभियान है, जिसमें हर सप्ताह हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं।

श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति के संस्थापक कुबेर राठी ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए भगवान हनुमान के श्रीचरणों में प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि मंदिर में विराजमान दक्षिणमुखी हनुमान जी की प्रतिमा को अत्यंत जागृत और सिद्ध माना जाता है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना और मनोकामना भगवान अवश्य पूरी करते हैं।

कुबेर राठी ने कहा कि 17 वर्षों से लगातार चल रहा यह महाभंडारा किसी व्यक्ति की क्षमता का परिणाम नहीं, बल्कि भगवान बजरंगबली की कृपा और आशीर्वाद है। उनके अनुसार प्रभु की प्रेरणा से ही यह सेवा निरंतर जारी है।

शनिवार को आयोजित महाभंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर परिसर और रेलवे स्टेशन क्षेत्र 'जय श्रीराम' एवं 'जय बजरंगबली' के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने राठी परिवार और मंदिर सेवा समिति की इस निरंतर सेवा भावना की सराहना की।

admin 




