प्रेमिका से रिश्ता टूटने के बाद डॉक्टर ने की आत्महत्या, 18 दिन पहले चर्च में दिया था शादी के लिए आवेदन

प्रेमिका से रिश्ता टूटने के बाद डॉक्टर ने की आत्महत्या, 18 दिन पहले चर्च में दिया था शादी के लिए आवेदन

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ एक 30 वर्षीय डॉक्टर ने अपने स्टाफ क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डॉक्टर अपनी प्रेमिका से रिश्ता टूटने के बाद मानसिक रूप से परेशान थे। उन्होंने कुछ दिन पहले ही चर्च में शादी के लिए आवेदन दिया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

OPD नहीं पहुंचे तो स्टाफ को हुआ शक

जानकारी के अनुसार, डॉक्टर एल्विन सुबह OPD में नहीं पहुंचे, जिसके बाद अस्पताल के स्टाफ को चिंता हुई। कर्मचारी उनके स्टाफ क्वार्टर पहुंचे और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इसके बाद स्टाफ ने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। डॉक्टर बाथरूम में मृत पाए गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। 

केरल के रहने वाले थे डॉक्टर

बताया गया कि डॉ. एल्विन मूल रूप से केरल के पालक्काड के निवासी थे। उन्होंने कोयंबटूर से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी और करीब एक साल पहले कोरबा में पदस्थ हुए थे। 

दो साल से था प्रेम संबंध, शादी की थी तैयारी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर का कोयंबटूर की एक युवती के साथ करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों ने शादी की तैयारी भी शुरू कर दी थी और 12 अगस्त को चर्च में शादी के लिए आवेदन दिया गया था।

हालांकि बाद में दोनों के बीच विवाद के बाद रिश्ता टूट गया। इसके बाद डॉक्टर के परेशान रहने की बात सामने आई है। 

तीन दिन पहले माता-पिता को बुलाया था कोरबा

रिपोर्ट के अनुसार, डॉक्टर ने घटना से करीब तीन दिन पहले अपने माता-पिता को कोरबा बुलाया था। उनके कोरबा पहुंचने पर उन्हें बेटे की मौत की दुखद सूचना मिली। 

पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।