Raipur Crime : 24 घंटे में सुलझी ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, पुराने लेन-देन के विवाद में युवक की हत्या करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। गंज थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का रायपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि पुराने लेन-देन के विवाद के कारण युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार 28 मई की रात करीब 12:30 बजे आशीष गरुड पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसके बाएं हाथ, पैर और सिर पर गंभीर चोटें पाई गईं। प्रारंभिक जांच के आधार पर गंज थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
उपचार के दौरान आशीष की हालत लगातार नाजुक बनी रही और बाद में मेकाहारा अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए विवेचना तेज कर दी।
अंतिम बार आरोपी के साथ देखा गया था मृतक
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसमें पता चला कि आशीष को आखिरी बार राज नायक के साथ देखा गया था। पुलिस ने जब राज नायक की पड़ताल की तो उसके खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली। इससे उस पर संदेह और गहरा हो गया।
दर्जनभर CCTV फुटेज खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए गंज थाना पुलिस ने एसीसीयू रायपुर क्राइम ब्रांच, गुढ़ियारी थाना और रामनगर चौकी की मदद ली। संयुक्त टीम ने तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन और आसपास लगे एक दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रकाश सोना उर्फ टेरा पुलिस को गुमराह करने के लिए लगातार उल्टा बयान दे रहा था। वहीं सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दीं।
पूछताछ में कबूला जुर्म
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राज नायक और प्रकाश सोना उर्फ टेरा से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि आशीष के साथ पुराने लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाली रात इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद राज नायक ने धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
वारदात के बाद राज नायक, प्रकाश सोना के साथ साइकिल से मौके से फरार हो गया था।
हथियार बरामद, कोर्ट में पेश
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज को भी वैज्ञानिक साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

admin 




