लाभांडी से कचना होते हुए सड्डू तक बनेगी नई सड़क
तीन लाख लोगों को होगा फायदा
रायपुर (चैनल इंडिया)। शहर के 2021 के मास्टर प्लान में तय की गई एमआर 43 सडक़ का काम बहुत जल्द शुरू होगा। लाभांडी से कचना होते हुए सड्डू तक बनने वाली करीब तीन किलोमीटर की नई सडक़ के लिए लैंड यूज चेंज करने अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस नई सडक़ के बनने से तीन लाख से ज्यादा लोगों को सीधा फायदा होगा।
लाभांडी, कचना, सड्डू और बलौदाबाजार की ओर जाने वाले लोगों का कम से कम 20 मिनट समय बचेगा। उन्हें किसी जाम में भी नहीं फंसना होगा। नई सडक़ बनने के बाद सड्?डू, कचना और विधानसभा रोड पर भी लगातार बढ़ा रहा ट्रैफिक का दबाव कम होगा। आवास एवं पर्यावरण विभाग के विशेष सचिव देवेंद्र भारद्वाज की ओर से जमीन के खसरा नंबरों के साथ शुक्रवार को इसकी सूचना जारी की गई है। इसमें शहर के दो बड़े बिल्डरों की एकड़ों की जमीन भी दायरे में आ रही है। इस सूचना में दावा-आपत्ति के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। तय समय के बाद किसी भी तरह की आपत्ति मंजूरी नहीं की जाएगी।
रायपुर के 2031 के मास्टर प्लान में भी इस सडक़ को शामिल किया गया है। यही वजह है कि राज्य सरकार इस सडक़ को बनाने के लिए जल्द फैसले ले रही है। लोग अपनी आपत्तियों को कलेक्टोरट, संभाग कमिश्नर, टाउन प्लानिंग और निगम दफ्तर में कर सकते हैं। नई सडक़ के लिए 99.100 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। यह जमीन अभी आवासीय है। इसके लैंड यूज परिवर्तन कर इसे मिश्रित किया जा रहा है। तीन किलोमीटर इस लंबी सडक़ का निर्माण रायपुर विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग वाले करेंगे। लाभांडी, कचना, सड्डू से होते हुए इस सडक़ को बलौदाबाजार जाने वाली सडक़ से मिलाया जाएगा।
इन इलाकों को फायदा
नई सडक़ बनने से वीआईपी स्टेट खम्हारडीह, अशोका रतन, कचना हाउसिंग बोर्ड, पिरदा, बाराडेरा, जोरा, चंडीनगर, पार्वती नगर और भावना नगर जैसे इलाकों के लोगों को बड़ा फायदा होगा। आठ से ज्यादा वार्डों के करीब तीन लाख लोग सीधे रिंग रोड से जुड़ सकेंगे। लोगों को ट्रैफिक सिग्नल और जाम से राहत मिलेगी। केवल कचना के ही इलाके में 20 से ज्यादा नई कॉलोनियां बन रही हैं। ऐसे में इन कॉलोनियों में भी रहने वाले लोगों को नई सडक़ का बड़ा फायदा होगा।
admin




