स्कूल में छात्र ने सहपाठियों को काटा, एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

स्कूल में छात्र ने सहपाठियों को काटा, एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

धमतरी। जिले के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिलौटी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक छात्र ने अचानक अपना व्यवहार बदलते हुए सहपाठियों को काटना शुरू कर दिया। घटना में एक दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गए। एहतियात के तौर पर सभी प्रभावित बच्चों को रेबीज रोधी टीके लगाए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित छात्र को करीब तीन वर्ष पहले एक रेबीज संक्रमित कुत्ते ने काट लिया था। उस समय चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उसका पूरा उपचार किया गया था और आवश्यक एंटी-रेबीज वैक्सीन भी लगाई गई थी। हालांकि, सोमवार को स्कूल परिसर में उसके व्यवहार में अचानक बदलाव देखा गया और उसने आसपास मौजूद कई छात्रों को काट लिया।

घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल स्थिति पर नियंत्रण पाया और घायल छात्रों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद सभी प्रभावित बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रेबीज संक्रमण से बचाव के लिए एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है।

वहीं, संबंधित छात्र को विस्तृत चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी स्कूल पहुंची और पूरे मामले का जायजा लेते हुए आवश्यक चिकित्सा एवं एहतियाती कदम उठाए।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र के व्यवहार में आए बदलाव का संबंध तीन वर्ष पहले हुई रेबीज संक्रमण की घटना से है या नहीं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि इस संबंध में चिकित्सकीय जांच जारी है और विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

प्रशासन ने लोगों और अभिभावकों से अपील की है कि वे इस घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। मामले पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर बनाए हुए हैं।