इनर व्हील क्लब का सेवा अभियान : गुरुकुल में दिए अनाज,कंप्यूटर-प्रिंटर, पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश

इनर व्हील क्लब का सेवा अभियान : गुरुकुल में दिए अनाज,कंप्यूटर-प्रिंटर, पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायपुर। इनर व्हील क्लब ऑफ रायपुर ग्रेटर ने महासमुंद स्थित आर्ष ज्योति गुरुकुल में सेवा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित बहुआयामी सेवा प्रकल्प का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक रीति से हवन-पूजन के साथ हुई। इसके बाद गुरुकुल परिसर में 30 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

क्लब की ओर से गुरुकुल को आवश्यक अनाज, 20 ट्यूब लाइट्स, दो कंप्यूटर और एक प्रिंटर भेंट किए गए। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उनकी पढ़ाई में आधुनिक संसाधनों का सहयोग मिलेगा।

इस दौरान क्लब की सदस्य रुचिता राव ने विद्यार्थियों के लिए करियर गाइडेंस एवं मोटिवेशनल सत्र लिया। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर चुनने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम क्लब की अध्यक्ष पूजा अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित हुआ। क्लब की सचिव नेहा अग्रवाल ने बताया कि संस्था भविष्य में भी शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा से जुड़े ऐसे सेवा प्रकल्प लगातार संचालित करती रहेगी।

इस अवसर पर पास्ट प्रेसिडेंट संगीता गोयल, पुष्पा मालवीय, गीता जेठानी, पूजा जैन, नम्रता दुबे, सोनिया नाथानी, पास्ट सेक्रेटरी प्रज्ञा नायडू, रूबी साओ, सुषमा अग्रवाल, प्रियंका मिश्रा, रुचिता राव सहित क्लब की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में गुरुकुल परिवार ने क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।